बीकेटीसी का अनोखा कदम: श्रद्धालुओं तक पहुंचेगा दिव्य प्रसाद स्पीड पोस्ट के जरिए

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। समिति ने भारतीय डाक विभाग के साथ एमओयू कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी का प्रसाद श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की सेवा शुरू कर दी है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज समिति के केनाल रोड स्थित कार्यालय में औपचारिक रूप से प्रसाद वितरण सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बदरीनाथ और भगवान केदारनाथ जी का प्रसाद पैकेट भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों को सौंपे।

उन्होंने बताया कि यह सेवा खास तौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए है, जिन्होंने भगवान बदरीनाथ और भगवान केदारनाथ की दीर्घकालिक पूजा (5 से 10 वर्ष) करवाई है। इन श्रद्धालुओं को प्रत्येक यात्रा वर्ष में मंदिर का प्रसाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके घर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

आज बीकेटीसी की ओर से 42 प्रसाद पैकेट भारतीय डाक विभाग को सौंपे गए, जिन्हें स्पीड पोस्ट के जरिए श्रद्धालुओं तक भेजा जाएगा। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इस सेवा से उन भक्तों को विशेष लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश धाम तक नहीं पहुंच पाते, लेकिन घर बैठे भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं।

इस अवसर पर बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, सहायक निदेशक (मार्केटिंग) आशीष कुमार, सहायक डाक अधीक्षक दिनेश तोमर और मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव योवन कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

बीकेटीसी की यह पहल उत्तराखंड की परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था को और मजबूत करेगी। स्पीड पोस्ट के जरिए प्रसाद वितरण सेवा से न केवल श्रद्धालुओं का मंदिरों से जुड़ाव बढ़ेगा, बल्कि डाक विभाग की विश्वसनीयता भी और मजबूत होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.