रुड़की। उत्तराखंड उर्दू अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर अफजल मंगलौरी को एक बार फिर विदेश में सम्मानित किया जाएगा। अफजल मंगलौरी आगामी 23 और 25 अगस्त को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह और दुबई में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुशायरों में शिरकत करेंगे।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को वे शारजाह में बज्मे आज़मगढ़ द्वारा आयोजित मुशायरे में भाग लेंगे। इसके बाद 25 अगस्त को वे दुबई में होने वाले मुशायरे में अपनी शायरी का जादू बिखेरेंगे। इस अवसर पर उन्हें मैक्वे ग्रुप्स और न्यू टेक ग्रुप्स दुबई की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा। सम्मान समारोह का आयोजन मैक्वे ग्रुप के चेयरमैन मुशर्रफ अली खान और बज्मे आज़मगढ़ के सचिव के सहयोग से किया जा रहा है।
अफजल मंगलौरी लंबे समय से देश-विदेश में अपनी शायरी के जरिये भारत का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। वर्ष 1998 से अब तक वे दुबई, शारजाह, दोहा (कतर), सऊदी अरब, नेपाल, पाकिस्तान और मॉरीशस जैसे कई देशों में मंचों पर अपनी ग़ज़लों और नज़्मों से श्रोताओं को प्रभावित कर चुके हैं।
पिछले माह ही नेपाल साहित्य अकादमी द्वारा उन्हें नेपाल निशाने उर्दू सम्मान से नवाजा गया था। लगातार मिल रहे इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मानों ने न केवल उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है, बल्कि भारतीय उर्दू शायरी को भी वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई है।