After Header-1

सदन में विपक्ष की नींद और हंगामा! भाजपा अध्यक्ष मधु सिंह ने सुनाई खरी-खरी

रुड़की। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने गैरसैण विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर स्वार्थपूर्ण राजनीति करने और जनहित के मुद्दों से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया है। मधु सिंह ने कहा कि जब राज्य आपदा की मार झेल रहा है, तब विपक्ष ने सदन में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय केवल हंगामा किया और अपने ऊपर लगे मामलों को लेकर शोर मचाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का दावा था कि वे सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ बनेंगे, लेकिन सदन के भीतर उनकी भूमिका केवल तोड़फोड़, हंगामा और नींद तक सीमित रही। विपक्ष ने न तो राहत-बचाव कार्यों पर चर्चा की, न ही किसी नीति पर विचार किया।

डॉ. मधु सिंह ने गैरसैण सत्र की शुरुआत में त्रासदी में जान गंवाने वालों के लिए संवेदना व्यक्त करने और व्यापक चर्चा की उम्मीद जताई थी। लेकिन उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि विपक्ष ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करते हुए सदन को बंधक बनाया और केवल राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से व्यवहार किया।

उन्होंने कांग्रेस पर रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत राशि को लेकर झूठी अफवाहें फैलाने का आरोप भी लगाया और कहा कि सरकार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रशासन और जनता मिलकर राहत कार्यों में जुटे हैं।

डॉ. मधु सिंह ने सत्र में अनुपूरक बजट सहित सभी महत्वपूर्ण विधेयकों के पारित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि विधानसभा कार्यमंत्रणा समिति द्वारा तय किए गए एजेंडे को पूरा किया गया। उन्होंने विपक्ष की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा, “सदन केवल राजनीति और हंगामे के लिए नहीं होता।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.