देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने विधानसभा मानसून सत्र में पेश हुए अनुपूरक बजट को प्रदेश के विकास और जनता की आकांक्षाओं को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामीके नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और यह बजट आम जनता को नई दिशा देगा।
गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया गया। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा देने जैसे अनेक प्रावधान शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा केवल आर्थिक प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। अनुपूरक बजट से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का विस्तार होगा और राज्य को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध उत्तराखंड बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
द्विवेदी ने कहा कि यह बजट सरकार की दूरदृष्टि और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसमें जहां युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने की रूपरेखा है, वहीं महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और किसानों की जीवनशैली सुधारने के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं। साथ ही दुर्गम इलाकों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने अनुपूरक बजट को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और प्रदेश के चहुंमुखी विकास की नींव मजबूत करेगा।