After Header-1

मुख्यमंत्री धामी का कड़ा संदेश – कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी ढील

गैरसैंण। मुख्यमंत्री धामी  ने नैनीताल और बेतालघाट में हाल ही में हुए घटनाक्रमों को बेहद गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने घोषणा की कि इन घटनाओं की विस्तृत जांच कुमाऊं मंडल आयुक्त द्वारा की जाएगी। इसके लिए आयुक्त को पंद्रह दिनों के भीतर शासन को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। धामी ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने घटनाओं के मद्देनज़र प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कदम उठाते हुए बेतालघाट फायरिंग प्रकरण और अन्य मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली का स्थानांतरण जिले से बाहर करने का आदेश दिया है। साथ ही, थानाध्यक्ष तल्लीताल को भी नैनीताल जनपद से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा।

इतना ही नहीं, धामी सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि नैनीताल और भवाली में हुई घटनाओं तथा दर्ज सभी प्राथमिकी की  जांच सीबीसीआईडी द्वारा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि जांच न सिर्फ निष्पक्ष हो बल्कि उसके परिणाम ऐसे हों जो भविष्य में किसी भी व्यक्ति को कानून तोड़ने की हिम्मत न दें।

उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर स्थिति में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। “कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं,” मुख्यमंत्री धामी ने दोहराते हुए कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

सरकार के इस कदम को लेकर स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है और आमजन ने उम्मीद जताई है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कठोर दंड मिलेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.