देहरादून। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने विधानभवन परिसर में ध्वजारोहण कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों, मूल्यों और देशहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और आंदोलनकारियों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को नमन किया और धराली आपदा में हुए जनहानि व क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना का “ऑपरेशन सिंदूर” भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है और आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने इसरो को निसार उपग्रह प्रक्षेपण की ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि भारत के वैज्ञानिक कौशल और शोध क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने आह्वान किया कि हमें एकजुट होकर “विकसित भारत @ 2047” के लक्ष्य की ओर बढ़ना है और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा और पहाड़ी क्षेत्रों के सतत विकास के प्रयासों ने राज्य को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से राज्य तेज़ी से विकास पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने पर्वतमाला परियोजना, मानसखंड मंदिर माला योजना, स्टार्टअप रैंकिंग में सुधार और अंतरराष्ट्रीय संसदीय अध्ययन, शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना को भी उत्तराखंड की प्रगति में अहम कदम बताया।