हैदराबाद। तेलंगाना में अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी होने के बाद राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार शाम हैदराबाद कमांड कंट्रोल सेंटर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला कलेक्टरों, प्रभारी मंत्रियों और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागों के कर्मचारियों की तीन दिन की छुट्टियां रद्द की जाएं और सभी को फील्ड में तैनात रहकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में रेड अलर्ट है, वहां वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष तैनाती की जाए और एनडीआरएफ के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए। भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को आदेश दिया कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए समय-समय पर लोगों को मौसम और बाढ़ से जुड़ी जानकारी दी जाए। साथ ही, बाढ़ से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर स्थापित किया जाए। हैदराबाद में बाढ़ की संभावना को देखते हुए एनडीआरएफ और नगर निगम की आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
शैक्षणिक संस्थानों को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते स्कूल शिक्षा विभाग ने घोषणा की है कि कल से अगले दो दिन सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। शिक्षा विभाग के निदेशक निकोलस ने देर रात विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजधानी हैदराबाद और ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्र में भी यह आदेश लागू रहेगा। हालांकि, मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
सीएम ने पुलिस को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोका जाए और जानमाल की हानि रोकने के लिए हर संभव उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टरों के पास उपलब्ध धनराशि का इस्तेमाल तुरंत राहत कार्यों में किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की देरी न हो।