धराली में 150 लोगों का रेस्क्यू, अब हेलीकॉप्टर संभालेंगे मोर्चा!

उत्तरकाशी, धराली। बादल फटने की भयावह त्रासदी से जूझ रहे धराली क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, और राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद NDRF, SDRF, सेना और जिला प्रशासन की टीमें दिन-रात राहत कार्यों में जुटी हैं। इस कठिन परिस्थिति में अब हवाई सहायता की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना के चिनूक और MI-17 हेलीकॉप्टर जल्द ही राहत कार्यों में शामिल होंगे। मौसम थोड़ा अनुकूल होते ही ये हेलीकॉप्टर प्रभावित क्षेत्रों में राशन, दवाइयां और राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ फंसे लोगों को निकालने का कार्य करेंगे।

प्रशासन का कहना है कि अगले कुछ घंटे बेहद अहम होंगे, क्योंकि कई गांवों से संपर्क अभी तक पूरी तरह नहीं हो पाया है। राहत टीमें लगातार पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं, जहां कुछ लोग अब भी फंसे हो सकते हैं। चिनूक और MI-17 जैसे भारी हेलीकॉप्टरों की मदद से दुर्गम क्षेत्रों तक राहत पहुंचाना अब संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी राहत एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने और प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रभावित इलाकों में संचार और बिजली व्यवस्था को बहाल करने का कार्य भी तेज़ी से जारी है।

धराली और आसपास के क्षेत्रों में अब भी मौसम खराब है, लेकिन प्रशासन की टीमें बिना रुके अपना कार्य कर रही हैं। हवाई मदद से राहत प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.