उत्तराखंड में मौसम का कहर, नौ जिलों में येलो अलर्ट, केदारनाथ यात्रा रोकी गई
केदारनाथ यात्रा अचानक बंद! जानिए क्यों फंसे सैकड़ों यात्री जंगलों में
उत्तराखंड में मौसम का कहर: नौ जिलों में अलर्ट, जानिए ताजा अपडेट
उत्तराखंड में मानसून का असर तेज़ी से दिख रहा है। प्रदेश के नौ जिलों — नैनीताल, उधमसिंह नगर, चंपावत, अल्मोड़ा, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और बागेश्वर — में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, इसलिए जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है।
सबसे ज्यादा असर केदारनाथ यात्रा पर पड़ा है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच भारी भूस्खलन के कारण करीब 70 मीटर हाईवे पूरी तरह वॉशआउट हो गया है। इसके चलते केदारनाथ धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। यह इलाका लगातार बारिश और भूस्खलन से जूझ रहा है।
गौरीकुंड में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें जंगलों के रास्ते बना रही हैं। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और वैकल्पिक पैदल मार्ग भी टूटा हुआ है। ऐसे में रास्ता साफ होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्थिति सामान्य होने तक यात्रा ना करें और सोशल मीडिया या स्थानीय प्रशासन से अपडेट लेते रहें।