देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भतरोजखान क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए भिकियासैंण से उपनिरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने रेस्क्यू उपकरणों के साथ गहरी खाई में उतरकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला।
-
मृतक की पहचान मोहित कुमार पुत्र चंदन राम, निवासी तिमली, अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
-
घायल की पहचान सुरेश कुमार पुत्र बहादुर राम, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
एसडीआरएफ की टीम ने मृतक के शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की है।