देवघर (झारखंड)। झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया फॉरेस्ट इलाके में हुआ, जब कांवड़ियों से भरी एक तेज़ रफ्तार बस एलपीजी सिलेंडर से लदे ट्रक से आमने-सामने टकरा गई।
बस सवार श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के बाद दुमका स्थित बासुकीनाथ मंदिर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने जमुनिया चौक के पास नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
इस हादसे पर देवघर से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुखद है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”
गौरतलब है कि श्रावण मास के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड सहित कई राज्यों से कांवड़िए यहाँ आते हैं।