मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हैप्पी पासिया को अमेरिका से लाया जा रहा भारत, पंजाब में 14 आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड
नई दिल्ली: पंजाब में सिलसिलेवार आतंकी हमलों और ग्रेनेड अटैक्स को अंजाम दिलवाने वाला कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पासिया जल्द ही अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस खतरनाक अपराधी के सिर पर ₹5 लाख का इनाम घोषित किया था। अप्रैल 2025 में अमेरिकी एजेंसियों ने हैप्पी पासिया को कैलिफ़ोर्निया के सैक्रामेंटो शहर से हिरासत में लिया था, और तब से वह ICE (Immigration and Customs Enforcement) की कस्टडी में है।
आईएसआई और बब्बर खालसा से संपर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, हैप्पी पासिया ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI, आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथ मिलकर पंजाब में 14 से अधिक आतंकी घटनाओं को अंजाम दिलवाया। इन हमलों में सिलसिलेवार ग्रेनेड अटैक, फायरिंग और पुलिस व सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शामिल था।
17 अप्रैल को अमेरिका में हुई गिरफ्तारी
हैप्पी पासिया को अमेरिकी एजेंसियों ने 17 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भारत सरकार ने उसके प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक प्रक्रिया शुरू की। अब जानकारी मिल रही है कि अमेरिकी अधिकारियों ने पासिया को भारत भेजने की मंजूरी दे दी है और वह जल्द ही दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया जाएगा, जहां एनआईए और सुरक्षा एजेंसियां उसे अपनी कस्टडी में लेंगी।
पंजाब में खौफ का दूसरा नाम बना था पासिया
हैप्पी पासिया पर आरोप है कि उसने पंजाब में युवाओं को हथियार, ड्रग्स और आतंकवाद के रास्ते पर धकेलने के लिए गैंगस्टर नेटवर्क और आतंकवादी संगठनों के गठजोड़ का इस्तेमाल किया। उसके खिलाफ आतंकवाद, हत्या, जबरन वसूली और हथियारों की तस्करी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एनआईए का बड़ा ऑपरेशन
एनआईए और पंजाब पुलिस ने पिछले कुछ वर्षों में गैंगस्टर-आतंकी नेटवर्क को तोड़ने के लिए कई बड़े अभियान चलाए हैं। हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण इस कड़ी में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
