देहरादून।अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत अब खेलों में केवल भागीदार नहीं, बल्कि विजेता के रूप में तेजी से उभर रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उन्हें खेल भावना की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक दिवस केवल प्रतिस्पर्धा का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समर्पण, साधना और राष्ट्रीय गौरव को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन खेल भावना, एकता और शांति के मूल्यों को समर्पित है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 107 पदक जीते, जबकि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के 126 खिलाड़ियों ने क्वालिफाई किया, जो देश की मजबूत खेल नीति और पारिस्थितिकी तंत्र का परिचायक है।
राज्य स्तर पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश को ‘खेलभूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हाल ही में संपन्न 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया है। प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर तेजी से काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खेल भत्ता, ‘उत्तराखंड खेल रत्न’ और ‘हिमालय खेल रत्न’ जैसे पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा लागू किया गया है।
उन्होंने बताया कि “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना” के तहत 3,900 खिलाड़ियों और “मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना” के अंतर्गत 2,155 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
कार्यक्रम में खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में खेल अधोसंरचना का तीव्र विकास हुआ है और नई खेल नीति में खिलाड़ियों की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी और खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन इसका प्रमाण है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।