उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक

जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्देश -उपायुक्त

रामगढ़। गुरुवार को उपायुक्त, रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक रामगढ़ अजय कुमार की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान सर्वप्रथम जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक के द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य को पीपीटी के माध्यम से विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी द्वारा रामगढ़ जिला अंतर्गत चितरपुर प्रखण्ड के भुचुंगडीह क्षेत्र में स्थित अवैध मुहानों में लगी आग की जानकारी दी गई जिस पर उपायुक्त के द्वारा पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के साथ गंभीरता पूर्वक चर्चा की गई। आग पर काबू पाने को लेकर बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल महाप्रबंधक एवं अंचल अधिकारी चितरपुर सहित अन्य अधिकारियों को आग पर काबू पाने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विगत कुछ समय में अवैध खनन पर रोक लगाने हेतु किए गए कार्यों की सराहना करते हुए और भी प्रभावी तरीके से अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा खनन टास्क फोर्स की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों की जानकारी ली गई।

इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा अवैध मुहानों को बंद करने के तहत किए गए कार्यों की जानकारी लेने के क्रम में उपायुक्त ने कहीं से भी अवैध मुहानों से खनन होने संबंधित सूचना प्राप्त होने पर त्वरित रूप से उसे अच्छी तरह बंद कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक सुनिश्चित करने एवं अवैध मुहानों की अच्छी तरह से डोजरिंग करने को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफीसर्स को कार्यों पर विशेष ध्यान देने एवं अवैध मुहानों से किसी भी तरह का कोई भी खनन कार्य न होने देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अंचलाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने हेतु कई दिशा निर्देश दी गई।

बैठक के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधकों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.