मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालू सिद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना की, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का दिया संदेश

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित प्रसिद्ध कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में छत्र चढ़ाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी उनकी सरकार की एक अहम नीति है।

धामी ने मंदिर के नव निर्मित भव्य परिसर का निरीक्षण किया और क्षेत्रवासियों की आस्था के प्रतीक इस मंदिर के महत्व को स्वीकार करते हुए यह आश्वासन दिया कि सरकार इन धार्मिक स्थलों के विकास और संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

इस कार्यक्रम में हल्द्वानी के प्रमुख नेताओं और अधिकारियों ने भी भाग लिया। सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

कालू सिद्ध मंदिर को स्थानीय जनता के बीच एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है और यह लंबे समय से क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र रहा है। इस धार्मिक आयोजन ने मंदिर के महत्व को और बढ़ा दिया है और राज्य सरकार की धार्मिक स्थलों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट किया है।

Leave a Reply