After Header-1

छत्तीसगढ़ः मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली ढेर, विस्फोटक पदार्थ बरामद, सर्च अभियान जारी

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए, दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के किलम-बरगुम क्षेत्र के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने पूर्वी बस्तर डिवीजन के डिविजनल कमेटी सदस्य हलदर और एरिया कमेटी सदस्य रामे को ढेर कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि हलदर पर आठ लाख रुपए और रामे पर पांच लाख रुपए का इनाम था। उन्होंने बताया कि कोंडागांव और नारायणपुर जिले की सीमा में स्थित किलम -बरगुम क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर कोंडागांव ‘जिला रिजर्व गार्ड’ और ‘बस्तर फाइटर्स’ के दल को मंगलवार को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान मंगलवार देर शाम सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में अब तक दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल, अन्य हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामान बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.