After Header-1

UP से BKI का ‘सक्रिय आतंकवादी’ गिरफ्तार

UP के कौशांबी जिले में राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) और पंजाब पुलिस (Punjab Police) के संयुक्त अभियान में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ( ISI) से कथित संबंध रखने वाले बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के एक ‘सक्रिय आतंकवादी’ को बृहस्पतिवार तड़के गिरफ्तार किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि पंजाब के अमृतसर के रामदास इलाके के कुर्लियान गांव के रहने वाले आरोपी लाजर मसीह को तड़के करीब तीन बजकर 20 मिनट पर कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

यश ने बताया, “उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आतंकवादी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के जर्मनी स्थित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता है और पाकिस्तान स्थित आईएसआई के गुर्गों के सीधे संपर्क में है।” उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने पकड़े गये आतंकवादी के पास से कुछ विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किये हैं।

यश ने बताया कि बरामद हथियारों में तीन हैंड ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, एक विदेशी पिस्तौल नोरिन्को एम-54 टोकरेव (यूएसएसआर) के साथ-साथ विदेश में निर्मित 13 कारतूस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा उसके पास से सफेद रंग का विस्फोटक पाउडर, एक आधार कार्ड जिसपर गाजियाबाद का पता है, बिना सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। यश ने बताया कि यह आतंकवादी 24 सितंबर 2024 को पंजाब में न्यायिक हिरासत से फरार हो गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.