रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री, एलजी ने दिलाई शपथ

 सीएम योगी ने दी बधाई, जानिए कौन-कौन रहें मौजूद

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई।

हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।

पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने। रामलीला मैदान में कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे। भाजपा विधायक दल की बैठक में बुधवार को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को आठवीं दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने बुधवार देर शाम राज निवास में रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीट पर कब्जा कर जीत हासिल की और आम आदमी पार्टी (आप) के एक दशक लंबे शासन का अंत किया था।

सीएम योगी ने दी बधाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेखा गुप्ता को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया “श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हृदयतल से बधाई व शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के साथ समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के आदर्श मानक स्थापित करेगी।”

उन्होने शपथ ग्रहण समारोह में न पहुंचने पर खेद व्यक्त करते हुये कहा “उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2025-2026 के बजट प्रस्तुतीकरण में व्यस्तता के कारण आपके शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित नहीं हो पा रहा हूं।पुनश्च शुभकामनाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.