After Header-1

पूर्व विधायक चैंपियन व खानपुर विधायक के बीच फायरिंग पर हाईकोर्ट सख्त

देहरादून। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने रूड़की में विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के बीच हुई फायरिंग की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल को आरोपिताें के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उच्च न्यायालय ने दोनों के खिलाफ चल रहे मुकदमों, आपराधिक रिकॉर्ड, गत 25-26 जनवरी को हुई घटनाओं की वीडियो क्लिप व आरोपियों के खिलाफ की गई कार्यवाही रिपोर्ट शपथ पत्र सहित न्यायालय में पेश करने को कहा है।

मंगलवार को घटना का संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय की अवकाश कालीन पीठ ने अश्विनी कुमार उपाध्याय बनाम यूनियन ऑफ इंडिया में पारित उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन न होने पर चिंता व्यक्त की।

इस मामले में विडियो कान्फ्रेन्सिंग के जरिए न्यायालय में पेश हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय को बताया कि विधायक उमेश कुमार व पूर्व विधायक कुवंर प्रणव चैंपियन गिरफ्तार हो चुके हैं जिसमें कुवंर प्रणव चैंपियन जेल में हैं और उमेश कुमार जमानत पर हैं। जिलाधिकारी ने आगे बताया कि दोनों के शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं और उनको दी गई सुरक्षा को हटाने के लिये सरकार समीक्षा कर रही है। उच्च न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई हेतु 12 फरवरी की तारीख तय की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.