After Header-1

गंभीर ने कहा कि ड्रेसिंग रूम की ‘बहस’ सार्वजनिक नहीं होनी चाहिये

सिडनी। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि ड्रेसिंग रूम की ‘बहस’ सार्वजनिक नहीं होनी चाहिये और उन्होंने खिलाड़ियों से ‘ईमानदारी’ से बातचीत की क्योंकि प्रदर्शन ही उन्हें टीम में रख सकता है। ड्रेसिंग रूम में तनाव की रिपोर्ट के बीच गंभीर ने कहा कि वे सिर्फ रिपोर्ट हैं, सच नहीं ।

गंभीर ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ कोच और खिलाड़ी के बीच की बात ड्रेसिंग रूम में ही रहनी चाहिये। तल्ख शब्द । ये सिर्फ रिपोर्ट हैं , सच नहीं ।’’उन्होंने कहा ,‘‘ जब तक ईमानदार लोग ड्रेसिंग रूम में हैं, भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है । आपको एक ही चीज ड्रेसिंग रूम में रख सकती है और वह है प्रदर्शन ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ ईमानदारी से बात कही गई और ईमानदारी महत्वपूर्ण है ।’’

गंभीर ने यह भी कहा कि उन्होंने सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा से टेस्ट मैच जीतने की रणनीति के अलावा कोई बात नहीं की । उन्होंने कहा ,‘‘ हर खिलाड़ी को पता है कि उसे कहां सुधार करना है। हमने उनसे एक ही बात की है कि टेस्ट मैच कैसे जीतने हैं ।’’ गंभीर ने यह भी पुष्टि की कि तेज गेंदबाज आकाश दीप कमर में जकड़न के कारण आखिरी टेस्ट नहीं खेलेंगे हालांकि उन्होंने विकल्प का खुलासा नहीं किया।

कमर में जकड़न के कारण आकाश दीप आखिरी टेस्ट से बाहर
भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप कमर में जकड़न के कारण शुक्रवार से आस्ट्रेूलिया के खिलाफ शुरू हो रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट से बाहर हो गए। आकाश ने ब्रिसबेन और मेलबर्न में दो टेस्ट खेलकर पांच विकेट लिये हैं । वह बदकिस्मत रहे कि उनकी गेंदबाजी के दौरान दोनों मैचों में कैच छूटे। भारतीय कोच गौतम गंभीर ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ आकाश दीप कमर की तकलीफ के कारण बाहर है ।’’

गंभीर ने कहा कि अंतिम एकादश पिच को देखने के बाद तय की जायेगी। आकाश दीप ने दो टेस्ट में 87 . 5 ओवर फेंके और अधिक कार्यभार भी उनकी चोट का कारण हो सकता है। आस्ट्रेलियाई मैदानों पर तेज गेंदबाजों को घुटने, टखने और कमर के मसले आते हैं। आकाश दीप की जगह हर्षित राणा या प्रसिद्ध कृष्णा खेल सकते हैं। भारत श्रृंखला में 1-2 से पीछे है और बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी बरकरार रखने के लिये आखिरी टेस्ट हर हालत में जीतना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.