डीएमएफटी के तहत जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल, सम्पूर्ण शिक्षा कवच के तहत हुआ एमओयू

सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा 24/7 कर सकेंगे शिक्षकों से संपर्क

इंजीनियरिंग, मेडिकल सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बच्चों को उपलब्ध कराई जाएगी कोचिंग, करियर काउंसलिंग की भी मिलेगी सुविधा

रामगढ़: रामगढ़ जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने व सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार के मार्गदर्शन में नई पहल “सम्पूर्ण शिक्षा कवच” की शुरुआत की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा है कि जिला प्रशासन का यह लक्ष्य है कि हर बच्चे को न केवल अच्छी शिक्षा मिले बल्कि वह अपने करियर के सही मार्ग को पहचान सके और अपने सपनों को साकार करने के लिए जरूरी संसाधन और मार्गदर्शन प्राप्त करें। सम्पूर्ण शिक्षा कवच के तहत हम बच्चों को उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास दोनों में सुविधा पहुंचाएंगे ताकि वे आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हो। सम्पूर्ण शिक्षा कवच के तहत छात्रों को न केवल विषयों से संबंधित सहायता मिलेगी बल्कि करियर काउंसलिंग राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी स्कूल के बच्चों को नई संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा और उन्हें उनकी रुचि और क्षमताओं के आधार पर सही दिशा में आगे बढ़ाने में सुविधा प्रदान की जाएंगी।

“सम्पूर्ण शिक्षा कवच” परियोजना के तहत शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम वर्मा एवं शैक्षणिक संस्था फिलो के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। परियोजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों को इंजीनियरिंग, मेडिकल सहित राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन माध्यमों से तैयार किया जाएगा जिसमें विद्यालयों में लाइव क्लासेस आयोजित किए जाएंगे वहीं बच्चों को ऑनलाइन माध्यम से 24×7 शिक्षकों से जुड़कर अपनी किसी भी प्रकार की दुविधा को दूर करने की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.