After Header-1

दुनिया के सबसे उम्रदराज जंगली पक्षी ने 74 साल की उम्र में दिया अंडा

होनोलूलू (अमेरिका)। दुनिया के सबसे उम्रदराज ज्ञात जंगली पक्षी ने लगभग 74 साल की उम्र में अंडा दिया है, जो चार साल में उसका पहला अंडा है। अमेरिकी वन्यजीव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अमेरिकी प्रशांत क्षेत्रीय मत्स्य एवं वन्यजीव सेवा ने इस सप्ताह ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘विजडम’ नामक लंबे पंखों वाला समुद्री पक्षी ‘लेसन अल्बाट्रॉस’ हवाई द्वीपसमूह के उत्तर-पश्चिमी किनारे पर स्थित मिडवे एटोल राष्ट्रीय वन्यजीव अभयारण्य में वापस लौटा है और उसने जो अंडा दिया है, उसके बारे में विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह उसका 60वां अंडा हो सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि ‘विजडम’ और उसका नर साथी ‘अकेकामाई’ 2006 से ही अंडे देने और सेने के लिए प्रशांत महासागर के एटोल पर लौटे थे। ‘लेसन अल्बाट्रॉस’ प्रजाति के पक्षी हर साल एक अंडा देते हैं। हालांकि, अकेकामाई को कई सालों से नहीं देखा गया है और अधिकारियों का अनुमान है कि पिछले हफ्ते वापस लौटने पर ‘विजडम’ ने दूसरे नर के साथ मेलजोल बढ़ाना शुरू कर दिया।

‘मिडवे एटोल नेशनल वाइल्डलाइफ रिफ्यूज’ के पर्यवेक्षक वन्यजीव जीवविज्ञानी जोनाथन प्लिसनर ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अंडे से बच्चा निकलेगा।’’ हर साल, लाखों समुद्री पक्षी घोंसले बनाने और अपने बच्चों को पालने के लिए रिफ्यूज में लौटते हैं।

साल 1956 में हुई थी पहचान
लेसन अल्बाट्रॉस प्रजाति की इस चिड़िया की पहचान साल 1956 में की गई थी। तब इस चिड़िया की अनुमानित उम्र 5 साल आंकी गई थी। यानी इसका जन्म 1951 में हुआ था। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने जब साल 1956 में लेसन अल्बाट्रॉस प्रजाति की विडजम चिड़िया को टैग किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.