After Header-1

खेल मंत्री रेखा आर्या ने वार्षिक स्पोर्ट्स मीट स्पर्धा 2024 का शुभारंभ किया

देहरादून।  प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून स्थित यूनिसन वर्ल्ड स्कूल पहुंच कर वृहस्पतिवार को स्कूल की वार्षिक स्पोर्ट्स मीट ‘स्पर्धा 2024’ का शुभारंभ किया। ‘स्पर्धा 2024’ में बालिकाओं ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और खेलों के प्रति अपनी दृढ़ता को दिखलाया।

अपने संबोधन में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बच्चियों का उत्साह और प्रदर्शन देख कर मैं यक़ीन से यह कह सकती हूं कि खेलों में हमारे प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है और वे दिन दूर नहीं है जब उत्तराखण्ड से एक से बढ़कर एक खिलाड़ी ओलंपिक में देश का नाम रोशन करेंगे।

राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को हमारी सरकार आउट ऑफ़ द टर्म जाकर सरकारी नौकरी दे रही है और हमें प्रसन्नता है कि अब तक हमने 34 खिलाड़ियों को राजकीय सेवाओं में सरकारी नौकरी प्रदान की है। इसके साथ ही हमारी सरकार खिलाड़ियों को राजकीय सेवाओं में चार फीसद आरक्षण देने का कार्य कर रही है, जिससे खिलाड़ी आर्थिक रूप से तो सशक्त होंगे ही साथ ही प्रदेश के युवा प्रोत्साहित होकर खेल जगत में अपना सुनहरा भविष्य तलाशने का काम कर सकेंगे।

बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जीतने से ज़्यादा हमें सीखने के लिए खेलना चाहिए और किसी स्पर्धा में हारने वाला खिलाड़ी हारता नहीं है बल्कि कुछ ना कुछ सीखता है और नये अनुभव भी प्राप्त करता है।

कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या मोना खन्ना, विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित रिटायर्ड ब्रिगेडियर गोविंद सिंह सिसोदिया, उप प्रधानाचार्य रिम्पी आहूजा, प्रशासक ग्रुप कैप्टन अमित शर्मा, स्कूल मैनेजमेंट के सदस्यगण और अभिभावकगण सहित स्कूल के बच्चे उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.