After Header-1

आईसीसी का ऐत‍िहास‍िक ऐलान, पुरुष-महिला विश्व कप में मिलेगी बराबर प्राइज मनी, जानिए…

दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को घोषणा की कि विश्व कप में अब पुरुषों और महिलाओं को समान पुरस्कार राशि दी जाएगी जिसकी शुरुआत अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले महिला टी20 विश्व कप से होगी। आईसीसी के बयान के अनुसार महिला टी20 विश्व कप में विजेता बनने वाली टीम को अब 23 लाख 40 हजार अमेरिकी डालर मिलेंगे।

ऑस्ट्रेलिया को पिछले साल दक्षिण अफ्रीका में खेले गए महिला टी20 विश्व कप जीतने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली थी। इस तरह से इसमें 134 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भारतीय पुरुष टीम को इस साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप का विजेता बनने पर 23 लाख 40 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली थी। आईसीसी ने कहा, आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 पहला आईसीसी टूर्नामेंट होगा जिसमें महिलाओं को पुरुषों के समान पुरस्कार राशि मिलेगी जो इस खेल के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

बयान के अनुसार,यह फैसला जुलाई 2023 में आईसीसी वार्षिक सम्मेलन में लिया गया जब आईसीसी बोर्ड ने अपने 2030 के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से सात साल पहले पुरस्कार राशि समान करने का निर्णय किया। इस तरह से क्रिकेट पहला प्रमुख खेल बन गया है जिसमें विश्व कप में पुरुषों और महिलाओं के लिए समान पुरस्कार राशि है। महिला टी20 विश्व कप तीन अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.