बोइंग का स्टारलाइनर यान सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के बिना धरती पर लौटा

ह्यूस्टन (अमेरिका)। बोइंग का ‘स्टारलाइनर’ यान शुक्रवार को अंतरिक्ष यात्री-सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के बिना ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से धरती पर लौटा। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होने के छह घंटे बाद ‘स्टारलाइनर’ न्यू मेक्सिको के ‘व्हाइट सैंड्स मिसाइल रेंज’ पर उतरा। ‘स्टारलाइनर’ ने लंबे इंतजार के बाद जून में अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी।

हालांकि, यान के ‘थ्रस्टर’ में समस्या आने और हीलियम लीक होने के कारण वह अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में नाकाम रहा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के दो पायलट अब अगले साल तक आईएसएस पर ही रहेंगे। महीनों तक विल्मोर और विलियम्स की वापसी को लेकर सवाल उठते रहे, क्योंकि इंजीनियर यान में आई समस्याओं को समझने के लिए जूझते रहे। व्यापक परीक्षण के बाद बोइंग ने कहा था कि ‘स्टारलाइनर’ धरती पर वापसी की यात्रा के लिए सुरक्षित है, लेकिन नासा ने इससे असहमति जताई थी और इसके बजाय ‘स्पेसएक्स’ से अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाने का फैसला किया था।

‘स्पेसएक्स’ यान का इस महीने के अंत तक प्रक्षेपण नहीं किया जाएगा, जिसका मतलब है कि विल्मोर और विलियम्स फरवरी तक अंतरिक्ष में रहेंगे। ‘स्टारलाइनर’ के अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होने के बाद सुनीता विलियम्स ने रेडियो संदेश में कहा, ‘‘वह अपने घर जा रहा है।’’ विलियम्स और विल्मोर को ‘स्टारलाइनर’ के अंतरिक्ष की उड़ान भरने के एक सप्ताह बाद जून में पृथ्वी पर लौटना था, लेकिन यान के ‘थ्रस्टर’ में समस्या आने और हीलियम लीक होने के कारण दोनों अंतरिक्ष में ही फंस गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.