भोपाल में आज निकलगी 30 किमी लंबी तिरंगा यात्रा, 500 से अधिक मंचों से होगा स्वागत

भोपाल। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भोपाल के हुजूर क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा आज (बुधवार को) विशाल तिरंगा यात्रा आयोजित करने जा रहे हैं। यह तिरंगा यात्रा ‘कर्मश्री’ संस्था के तत्वाधान में निकाली जाएगी, जिसमें भोपाल सहित क्षेत्र के 65 से 70 हजार देशभक्त नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

अखंड भारत स्मृति दिवस पर भारत की अखंडता के संकल्प के साथ रामेश्वर शर्मा द्वारा आयोजित इस यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सम्मिलित होंगे। यात्रा कोलार के मदर टेरेसा स्कूल से प्रारंभ होकर बैरागढ़ के दीनदयाल उपाध्याय मंडी भैंसाखेड़ी तक जाएगी। 30 किमी के इस रूट पर 500 से अधिक मंचों के माध्यम से भोपाल की जनता द्वारा तिरंगा थामे राष्ट्रप्रेमियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया जाएगा।

कर्मश्री के अध्यक्ष और विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि हर साल 14 अगस्त को अखंड भारत का वह सपना स्मृतियों में कौंधता है, जिसे हम सीने में दबाए हैं। इंतजार कर रहे हैं कि एक दिन वह अवसर जरूर आएगा जब भगत सिंह और हेमू कालानी की जन्मभूमि पर तिरंगा लहराएगा। तिरंगा यात्रा में महापुरुषों की जीवंत झांकियां भी निकलेंगी। शहीदों और क्रांतिकारियों के वेश में सजे युवा आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज विशाल तिरंगा यात्रा निकालने जा रहे हैं। ‘‘कर्मश्री’’ संस्था के तत्वाधान में आयोजित इस तिरंगा यात्रा के लिए 33 हजार से अधिक दोपहिया वाहनों का पंजीयन किया जा चुका है। एक दोपहिया पर दो लोग सवार होंगे। इस तरह से दोपहिया वाहनों मे सवार लगभग 65 से 70 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यात्रा के वाहन सवारों के साथ यात्रा मार्ग में लाखों हाथों में तिरंगा लहराएगा। इससे तिरंगे की शान भी बढ़ेगी। नई पीढ़ी के मन में राष्ट्रभक्ति का सागर भी हिलोरें मारेगा। मार्ग में स्वागत मंचों पर समाज का हर वर्ग यात्रा के स्वागत के लिए उपस्थित होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि तिरंगा यात्रा का स्वागत फूलों से करने के बजाय हाथों में तिरंगा लहराते हुए करें।

विधायक शर्मा ने बताया कि 30 किलोमीटर के इस मार्ग में 500 से अधिक स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं। इन स्वागत मंचों पर समाज का हर वर्ग यात्रा के स्वागत के लिए उपस्थित होगा। आम नागरिक, व्यापारी, नौकरीपेषा, युवा, बुजुर्ग, महिला, चिकित्सक, वकील, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और स्टॉफ, विभिन्न जनसंगठन, कर्मचारी संगठन, सामाजिक संगठन आदि तिरंगा यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply