After Header-1

नेपाल में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में पांच लोगों की मौत, मरने वालों में चार चीनी नागरिक

काठमांडू। नेपाल में नुवाकोट जिले के शिवपुरी ग्रामीण नगर पालिका-7 में शिवचौर के पास बुधवार अपराह्न एयर डायनेस्टी का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके कारण पांच लोगों की मौत हो गयी, जिनमें से चार चीन के नागरिक थे।
स्थानीय अखबार ‘द हिमालयन टाइम्स’ ने बताया कि हेलिकॉप्टर 9एन-एजेडी के पायलट वरिष्ठ कैप्टन अरुण मल्ला थे। यह हेलिकॉप्टर सुबह 1:54 बजे काठमांडू से रवाना हुआ था और दुर्घटना के समय स्याफ्रुबेन्सी के रास्ते में था। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) के अनुसार घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद प्रभु हेलिकॉप्टर (9एन-एएनएल) को दुर्घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
हेलिकॉप्टर में पांच लोग सवार थे, जिनमें चार लोग चीन के नागरिक थे और दुर्घटना के समय रसुवा जा रहे थे।
सीएएएन के अनुसार त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तीन मिनट बाद ही हेलिकॉप्टर का काठमांडू टॉवर से संपर्क टूट गया। नुवाकोट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शांतिराज कोइराला ने बताया कि दुर्घटना स्थल से पाँच शव बरामद किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 24 जुलाई को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सौर्य एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके कारण 18 लोगों की मौत हो गयी थी। उस हादसे में केवल कैप्टन ही जीवित बचा था।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.