उत्तराखण्ड के नाम  एक और कीर्तिमान , एसडीजी 2023-24 में हासिल किया प्रथम स्थान

देहरादून। नीति आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी सूचकांक) 2023-2024 की रिपोर्ट में उत्तराखण्ड ने शीर्ष स्थान पाया है। इसी के साथ राज्य के नाम एक और कीर्तिमान जुड़ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की देवतुल्य जनता के आशीर्वाद और सहयोग से ये उपलब्धि हासिल हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार के विकासोन्मुखी प्रयासों से आज हमारा प्रदेश अग्रणी राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। नीति आयोग की ओर से जारी सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी सूचकांक) 2023-2024 की रिपोर्ट में उत्तराखण्ड का शीर्ष स्थान प्राप्त करना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास लक्ष्यों की कसौटी पर खरा उतरते हुए पूरे देश में उत्तराखंड ने सर्वाधिक अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया है।

एसडीजी के सभी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए राज्य सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इकोलॉजी और इकोनॉमी के समन्वय के साथ ‘विकसित उत्तराखण्ड’ की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। राज्य में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करते हुए सर्वस्पर्शी एवं सर्वांगीण विकास करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के साथ राज्य सरकार में कैबिनेट के सहयोगियों, शासन प्रशासन के अधिकारियों को भी बधाई दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.