अमरोहा: तीन कारों की टक्कर में गजरौला के चार यूट्यूबर्स की मौत, 5 युवक घायल

हसनपुर। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर मनौटा पुल के पास तीन कारों की टक्कर में गजरौला के चार यूट्यूबर्स की मौत हो गई, जबकि पांच युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को अस्पताल में रखवा दिया है।हादसा हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गजरौला-हसनपुर मार्ग पर रविवार रात 10:30 बजे हुआ। गजरौला के मोहल्ला अल्लीपुर निवासी 17 वर्षीय सलमान पुत्र तहसीन तथा उसी मोहल्ले के 18 वर्षीय शाहरुख पुत्र अच्छन, 19 वर्षीय शाहनवाज पुत्र मकसूद, नवादा रोड निवासी 17 वर्षीय लकी पुत्र बब्बू और मोहल्ले के ही दिलशाद और जैद के साथ अर्टिगा कार से हसनपुर के किसी होटल में खाना खाने आए थे।

रात करीब 10:30 बजे कार से गजरौला लौट रहे थे। इस दौरान मनौटा पुल के पास सामने से आ रही बोलेरो से टक्कर हो गई। इस बीच पीछे से आई एक स्विफ्ट कार ने भी टक्कर मार दी। हादसे में लकी, सलमान, शाहरूख और शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जैद, दिलशाद और तीन अन्य घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। जबकि घायलों को भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि चारों मृतक यूट्यूब पर वीडियो बनाते थे। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हुई है। जबकि पांच युवक घायल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.