निर्वाचन आयोग राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपेगा लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों की सूची

नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा सुखबीर सिंह संधू राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उन उम्मीदवारों के नामों की सूची बृहस्पतिवार को सौंपेंगे जिन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति को सूची सौंपे जाने के बाद 18वीं लोकसभा के गठन की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ होगी।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने बुधवार को 17वीं लोकसभा को भंग करने का आदेश दिया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बहुमत हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की राह पर हैं।

लोकसभा चुनाव में राजग को 293 सीट मिली हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) को 234 सीट मिली हैं। राष्ट्रपति को सूची सौंपने के बाद आयोग राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.