After Header-1

भारतीय वायुसेना का टोही विमान जैसलमेर में क्रैश

जैसलमेर। जैसलमेर जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे भारतीय वायुसेना का एक टोही विमान क्रैश हो गया। हादसा पिथला-जाजिया गांव के नजदीक रोजाणियों की ढाणी में हुआ। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वायुसेना ने अपने अधिकारिक हैंडल ‘एक्स’ पर दुर्घटना की पुष्टि की है।

वायुसेना की ओर से ‘एक्स’ पर लिखा गया है- ” भारतीय वायु सेना का रिमोट संचालित विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान आज जैसलमेर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। किसी भी कर्मी या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है।”

हादसे की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन के साथ वायुसेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। वायुसेना के अधिकारी क्रैश के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह यूएवी एयरक्राफ्ट है जो मानव रहित होता है और सीमा क्षेत्र पर हो रही गतिविधियों पर नजर रखने के काम आता है। यह सीमा क्षेत्र में लगातार घूमता है और निगरानी करता है।

उल्लेखनीय है कि यूएवी टोही विमान एक सैन्य विमान है। इसका उपयोग इमेजरी इंटेलिजेंस, सिग्नल इंटेलिजेंस, साथ ही अन्य खुफिया जानकारियां जुटाने के लिए किया जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.