After Header-1

कश्मीर के विकास को गति देने के लिए प्रधानमंत्री करेंगे कई योजनाओं का शुभारंभ

जम्मू। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार आज (गुरुवार) श्रीनगर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री कश्मीर के विकास को गति देने के लिए योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री झेलम नदी के किनारे स्थित बख्शी स्टेडियम में रैली को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर समूची घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पूरे श्रीनगर शहर को रेड जोन घोषित किया गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। वीवीआईपीज की सुगम आवाजाही के लिए कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। कार्यक्रम स्थल के आसपास दो किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा बल पैदल गश्त कर रहे हैं। झेलम नदी और डल झील में समुद्री कमांडो तैनात किए गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी रैली में जम्मू-कश्मीर में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 5,000 करोड़ रुपये का समग्र कृषि विकास कार्यक्रम राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उनका यह दौरा केंद्रशासित प्रदेश की विकासात्मक यात्रा के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर लगभग 12 बजे श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम पहुंचेंगे। वो विशेष विमान में श्रीनगर टेक्निकल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकाप्टर के जरिए नेहरू हेलीपैड जाएंगे। वहां से बादामी बाग स्थित चिनार कोर मुख्यालय में स्थित बलिदान स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रैली स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान हजरतबल दरगाह एकीकृत विकास योजना का ई-लोकार्पण करेंगे।प्रधानमंत्री राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं। वो जोजिला सुरंग से लेकर जम्मू और श्रीनगर में रिंग रोड, श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर सुरंगों का लोकार्पण भी करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.