प्रधानमंत्री ने कहा , कांग्रेस ने सरकारें बार-बार बनाईं लेकिन भविष्य का भारत बनाना भूल गई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शनिवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सरकारें बार-बार बनाईं लेकिन भविष्य का भारत बनाना भूल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण से आगे नहीं सोच सकती। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं सड़क, रेलवे, कोयला, बिजली और सौर ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को पूरा करती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास परिश्रमी किसान, प्रतिभाशाली नौजवान और प्राकृति का खजाना है, वह सब कुछ है जो विकसित होने के लिए जरूरी है। उन्होंने राज्य में प्रगति की कमी के लिए पिछली सरकारों की अदूरदर्शी और स्वार्थी परिवारवादी राजनीति की आलोचना की। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सरकारें बार-बार बनाईं लेकिन भविष्य का भारत बनाना भूल गईं। क्योंकि उनके मन में सरकार बनाना ही था, देश को आगे बढ़ाना उनका एजेंडा ही नहीं था। आज भी कांग्रेस की दशा और दिशा यही है। कांग्रेस परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण से आगे सोच ही नहीं पाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी के लिए आप उनका परिवार हैं और आपके सपने उनके संकल्प हैं। इसीलिए मैं आज विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की बात कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों में से प्रत्येक को इस सेवक ने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत की गारंटी दी है। उन्होंने गरीबों के लिए मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज, सस्ती दवाएं, आवास, पाइप से पानी, गैस कनेक्शन और शौचालय का जिक्र किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.