After Header-1

28 को उत्तराखंड आएंगे जेपी नड्डा , कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने चुनावी दृष्टि से पार्टी के अभियानों की टोली और लोकसभा स्तरीय टीम की समीक्षा बैठक ली। सभी सांगठनिक कार्यक्रमों में तेजी लाने के साथ 28 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे को अंतिम रूप दिया।

दो दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन गुरुवार को राष्ट्रीय महामंत्री ने पार्टी मुख्यालय में दो महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल हुए। सर्वप्रथम राज्य में संचालित पांच प्रमुख अभियानों के संयोजक एवं सह संयोजकों से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इसके उपरांत लोकसभा चुनाव संयोजक, सहसंयोजक, लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी एवं लोकसभा विस्तारकों समेत प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव की तैयारियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे को अंतिम रूप दिया।

10 लाख लाभार्थियों से संपर्क साधेंगे कार्यकर्ता, भाजपा को वोट करने की करेंगे अपील

लाभार्थी संपर्क अभियान की अधिक से अधिक सफलता के लिए अब तक हुई तैयारियों की समीक्षात्मक जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से साझा की गई। प्रदेश के लगभग 10 लाख लाभार्थियों से संपर्क करने के लिए पार्टी के 25 से 30 हजार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई, जो एक से तीन मार्च तक चलने वाले इस अभियान में 10 से 20 लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और उनके मोबाइल से डाटा नमो एप पर अपलोड करेंगे। कोशिश होगी कि उनकी समस्याओं के निराकरण का प्रयास कर लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट करने की अपील करेंगे।

छह मार्च को मोदी करेंगे महिला स्वयं सहायता समूहों से वर्चुअल संवाद

महिला स्वयं सहायता समूहों एवं गैर सरकारी संस्थाओं से संपर्क अभियान को तेजी देने के लिए महिला मोर्चा को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में छह मार्च को एक बड़े राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एनजीओ से जुड़ी महिलाओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में कार्यकत्री अधिक से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करेंगी।

कार्यकर्ता सम्मेलन सहित तीन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे नड्डा

प्रदेश अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने बताया कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दिवसीय प्रवास पर उत्तराखंड पहुचेंगे। वे सबसे पहले हल्द्वानी में कुमायूं क्लस्टर की दोनों सीटों से जुड़े बूथ अध्यक्ष से ऊपर के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत हरिद्वार में लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। तदुपरांत वे देहरादून में टिहरी लोकसभा में प्रबुद्ध सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

26 फरवरी को केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे प्रत्याशियों के नाम

लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने लोकसभा पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं, जो विभिन्न स्तरों पर चर्चा कर नामों का पैनल तैयार कर रहे हैं। 26 फरवरी को प्रदेश पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें चर्चा के उपरांत केंद्रीय नेतृत्व को नाम भेज दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष बोले- पांचों लोकसभा सीट से भाजपा का जीतना तय

कांग्रेस के बड़े नेताओं के चुनाव लड़ने से इन्कार करने पर प्रदेश अध्यक्ष ने चुटकी ली कि सभी देख रहे हैं कि मोदी और धामी के कामों से उत्तराखंड की जनता बेहद संतुष्ट है। जिस तरह का फीड बैक जनता के बीच से आ रहा है, उससे पांचों लोकसभा सीटों को पांच लाख से अधिक वोटों से भाजपा का जीतना तय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.