After Header-1

आतिशी का आरोप,  केंद्र सरकार ईडी के छापों से ‘आप’ नेताओं को डराने की कर रही कोशिश

नई दिल्ली। दिल्ली की मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार उसके नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के जरिए पार्टी को ‘डराने और चुप कराने’ की कोशिश कर रही है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले की जांच के तहत मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार और ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य तथा पार्टी के कोषाध्यक्ष एन डी गुप्ता के परिसरों की तलाशी ली। आतिशी ने कहा कि कुमार और गुप्ता के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय के कर्मी सुबह सात बजे से तलाशी ले रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि अन्य ‘आप’ नेताओं के परिसरों पर और छापेमारी की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति मामले से जुड़े गवाहों और आरोपियों के बयान जबरन तथा धमकी देकर दिलवाए हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ‘आप’ के नेताओं पर छापे मारकर पार्टी को ‘डराने और चुप’ कराने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल कर रही है।

आतिशी ने कहा कि दो साल की जांच के बावजूद एजेंसियों को कथित आबकारी नीति घोटाले में कुछ नहीं मिला है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के तहत राष्ट्रीय राजधानी के करीब 10 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या यह तलाशी धन शोधन संबंधी जारी मौजूदा जांच के संबंध में है या किसी नए मामले से जुड़ी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.