लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी बने सेना उप प्रमुख

नई दिल्ली। उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी नए सेना उप प्रमुख होंगे। वह 15 फरवरी को पदभार ग्रहण करेंगे। मौजूदा उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार उधमपुर स्थित उत्तरी कमान में लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी की जगह लेंगे। वह मार्च 2023 में लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू के बाद सेना के उप प्रमुख बने थे। उन्हें इसी साल 26 जनवरी को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी इस समय उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ हैं। उन्हें 01 फरवरी, 2022 को इस पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले उन्होंने सेना स्टाफ के उप प्रमुख (सूचना प्रणाली और समन्वय) और IX कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी सैनिक स्कूल रीवा और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के छात्र रहे हैं। उन्हें 15 दिसंबर, 1984 को भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून से जम्मू और कश्मीर राइफल्स की 18 वीं बटालियन में नियुक्त किया गया था।

उन्होंने ऑपरेशन रक्षक के दौरान चौकीबल में एक बटालियन की कमान संभाली, जो ऑपरेशन राइनो के दौरान मणिपुर में असम राइफल्स का एक सेक्टर था। उन्होंने असम में इंस्पेक्टर जनरल, असम राइफल्स के रूप में भी कार्य किया है। वह भारतीय सैन्य अकादमी में एक प्रशिक्षक के रूप में तैनात रहे हैं। वह सेशेल्स सरकार में सैन्य अताशे और पैदल सेना के महानिदेशक के रूप में तैनात रहे हैं। उन्हें फरवरी, 2020 में IX कोर का कमांडर और अप्रैल, 2021 में सेना स्टाफ (सूचना प्रणाली और समन्वय) के उप प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था।

Leave a Reply