After Header-1

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू, येलो अलर्ट जारी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में रविवार को ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू है। मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुमाऊं -गढ़वाल मंडल के पांच जनपदों में ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात होने आसार हैं। पहाड़ों पर ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम जारी है।

शनिवार से ही जनपद में बादल छाए हुए हैं जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का क्रम जारी है। निचले इलाकों में बारिश हुई, जिसकी वजह से जिले भर में शीत लहर चल रही है। इसके कारण ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। गंगोत्री -यमुनोत्री और हरकी दून, हर्षिल ,दयारा की पहाड़ियों की चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी यहां पहुंच रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले दो दिन में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। इसके कारण उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली क्षेत्रों में भारी हिमपात और मैदानी जिलों में कहीं-कहीं गरज- चमक के साथ ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गौरतलब है कि साल में दूसरी बार आज रविवार को एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 2500 मीटर व इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार बताए गए थे। जबकि उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी बताई गई है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.