CM धामी ने युवा महोत्सव का किया शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री (CM) ने पांच दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का शुक्रवार को परेड मैदान शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य।

शुक्रवार शाम को बहुउद्देशीय क्रीडा हॉल परेड़ ग्राउण्ड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास खंड कार्यालयों में युवाओं के कौशल विकास के लिए विवेकानंद यूथ कौशल विकास सेल बनाये जाने और युवक मंगल दल/महिला मंगल दल के प्रभावी उपयोग के लिए यथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष युवा महोत्सव की थीम युथ एज जॉब क्रिएटर्स रखी गई है, जो राज्य के युवाओं पर सटीक भी बैठती है, क्योंकि हमारे युवा अब रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि के युवा न केवल प्रतिभा सम्पन्न एवम् सामर्थ्यवान हैं बल्कि मेहनती भी हैं। इस राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिये ब्लॉक स्तर से भी युवा प्रतिभाओं को अवसर मिले हैं जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को विशेष लाभ हुआ है। इससे ग्रासरूट लेवल पर हमारे प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के भी अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य है। जिसके लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही हम राज्य में

खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं इसके लिए जहां एक ओर नई खेल नीति लाई गई है वहीं नौकरियों मे खेल कोटा भी पुनः प्रारंभ किया गया है।इसके अलावा वर्तमान में ’’मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना’’ के अंतर्गत 08 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को 1500 रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक राज्य में 3900 से अधिक उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी गई है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले आगामी 38वें राष्ट्रीय खेल, उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर कार्य आरम्भ कर दिया गया है। इसके तहत राष्ट्रीय खेल सचिवालय का गठन किया गया है, जिससे इन खेलों का संचालन बेहतर रूप से हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं को विश्वास दिलाया कि उनके साथ किसी भी स्तर पर अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। हमारी सरकार ने भर्तियों में घोटाले करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर ये दिखा भी दिया है, राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्यवाही की गई। आज राज्य में लोक सेवा आयोग द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और राज्य का भविष्य हमारे युवाओं की शक्ति पर निर्भर है, युवा ही भारत की असली ताकत हैं। भारत एक युवा देश है आज दुनिया भारत को आशा और विश्वास की दृष्टि से देखती है। युवाओं में अगर श्रम का सामर्थ्य है तो भविष्य की स्पष्टता भी है इसलिए भारत आज जो कहता है, दुनिया उसे आने वाले कल की आवाज मानती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पास दो असीम ताकत हैं, एक डेमोग्राफी और दूसरी डेमोक्रेसी, जिस देश के पास जितनी युवा शक्ति होती है, उसकी क्षमताओं को उतना ही व्यापक माना जाता है, भारत के पास ये दोनों ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में आज न्यू इंडिया का मंत्र है ’’मुकाबला करो और जीतो’’ प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है, जिसकी मजबूत नींव आप सभी युवा हैं हम सभी युवाओं की आकाक्षांओं, सपनों और चुनौतियों को भली भांति समझते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को स्वामी विवेकानन्द की जयन्ती के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी जी ने मनुष्य को अनन्त शक्ति, ऊर्जा तथा असीम क्षमताओं से युक्त बताया है। जीवन में सफलता के लिये उनके सिद्धान्त हम सब के लिये प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अपने युवाओं के चहुमुंखी विकास और उन्नति के लिए पूर्ण रूपेण प्रतिबद्ध है क्योंकि हमें अपने युवाओं और उनकी प्रतिभा पर पूरा भरोसा है। राज्य के युवा भी प्रदेश की प्रगति और समृद्धि के लिए सरकार के साथ पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ अपना योगदान देंगे तथा देवभूमि उत्तराखण्ड को देश का ’’सर्वश्रेष्ठ राज्य’’ बनाने के हमारे ’’विकल्प रहित संकल्प’’ को पूर्ण करने के लक्ष्य में हमारे भागीदार बनेंगे।

Leave a Reply