After Header-1

प्रिंस आफ कोलकाता के शहर में चढ़ा ‘किंग कोहली’ का खुमार

कोलकाता। भारत और दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के बीच रविवार को होने वाले विश्व कप मैच से पहले ‘प्रिंस आफ कोलकाता’ सौरव गांगुली के शहर में  ‘किंग कोहली’ का खुमार सिर चढकर बोल रहा है । दूर दराज से आये युवा प्रशंसकों से लेकर स्टेडियम के बाहर टीम इंडिया( Team India) की जर्सी बेचने वालों तक सभी की जुबां पर रविवार को अपना 35वां जन्मदिन मना रहे कोहली का ही नाम है।

जलपाईगुड़ी से अपने दस दोस्तों के साथ बस से सुबह छह बजे यहां पहुंचे सायन ने कहा, सचिन के बाद हमें विराट कोहली ही पसंद है। वह देश का आइकन है और उसके जैसा कोई दूसरा नहीं । विराट एक खिलाड़ी नहीं बल्कि हमारे लिये इमोशन है।

सिलीगुड़ी में बैंकिंग का कोर्स कर रहे सिद्धार्थ डे ने कहा, विराट का कोई विकल्प नहीं है। तीसरे स्थान पर उसके जैसा कोई बल्लेबाज नहीं है। हमने अपने पॉकेट मनी से पैसे बचाकर उसे यहां खेलते देखने आये हैं। आईपीएल में भी आरसीबी का मैच देखने ही हम आये थे। कल तक टिकट के लिए ट्राय करेंगे वरना आपस में ही विराट का जन्मदिन मनायेंगे। हमारी यही दुआ है कि वह शतक जमाकर सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी करे।

मैदान मार्केट इलाके में भारतीय टीम की जर्सी बेच रहे मोहम्मद इमरान ने कहा कि कोहली की 18 नंबर की जर्सी की मांग सबसे ज्यादा है और उसके बाद रोहित शर्मा का नंबर है। उन्होंने कहा, अभी तक मैं करीब 1000 जर्सी बेच चुका हूं और 80 प्रतिशत 18 नंबर जर्सी बिकी है। उनके अलावा रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह की जर्सी भी लोग मांग रहे हैं। कल मैच के दिन बिक्री जबर्दस्त रहने की उम्मीद है और मैं कोहली की और जर्सी मंगवा रहा हूं। कई प्रशंसकों ने तो स्टेडियम के बाहर ही कोहली का जन्मदिन मनाने की पूरी तैयारी कर रखी है। कोहली के मास्क, बैनर और पोस्टरों से ईडन गार्डन भरा रहने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.