देश में उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का काम हो रहा : राहुल

कालापीपल  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ( Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए आज कहा कि देश में बस दो-तीन उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सब काम हो रहे हैं। गांधी मध्यप्रदेश (Mp ) के शाजापुर जिले के कालापीपल स्थित पोलायकलां में कांग्रेस की प्रदेश इकाई की जनाक्रोश यात्रा सभा (People’s Protest Meeting ) को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि देश में 2-3 अरबपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए विभिन्न काम किए जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि संसद में जैसे ही उन्होंने अडाणी मुद्दे पर भाषण दिया, उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई। गांधी ने इसी क्रम में कहा कि ऐसी बातों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, उन्हें सिर्फ सच्चाई सबके सामने रखनी थी। उन्होंने कहा कि आज देश में हर बंदरगाह, हवाईअड्डे और हर बुनियादी सुविधा पर अडाणी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान की जेब से पैसा निकल कर अडाणी की जेब में जा रहा है।

मध्यप्रदेश के संदर्भ में उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को देश भर में भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है। इसके साथ ही उन्होंने महाकाल लोक का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जब वे मध्यप्रदेश से होकर गुजरे तो किसानों ने उन्हें बताया कि मध्यप्रदेश में उनकी फसलों के सही दाम नहीं दिए जा रहे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले 18 साल में 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। देश के विभिन्न राज्यों की कांग्रेस सरकारों का जिक्र करते हुए  गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़, कर्नाटक और राजस्थान में कांग्रेस ने जो गारंटी दीं, उन्हें पूरा किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.