‘नारी नेतृत्व’ का लाभ उठाएं महिलाएं: ईरानी

नयी दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ( Smriti Irani) ने सरकार के ‘नारी नेतृत्व में विकास’ के मंत्र का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा है कि भारतीय महिलाओं को विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनानी चाहिए।

श्रीमती ईरानी ( Smriti Irani) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में‘नारी नेतृत्व में विकास’ की अवधारणा चल रही है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में यह क्रांतिकारी बदलाव है। यह केवल कहने की बात नहीं है बल्कि यह वास्तविक रूप में दिखाई दे रहा है। देश ने हमेशा महिलाओं को लाभार्थी के रूप में देखा है। अब समय आ गया है कि उन्हें विकास की भागीदार के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “महिलाओं को विकास प्रक्रिया में भागीदारी देने की आवश्यकता है।” श्रीमती ईरानी कल एक निजी समाचार चैनल के “राइजिंग इंडिया -शी शक्ति” कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।उन्होंने कहा कि राष्ट्र उसे दौर से गुजर रहा है जब व्यापक हित में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इस अवसर को जाने नहीं देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर महिला सुरक्षा और स्वच्छता जैसे मुद्दों को अनदेखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में यह स्पष्ट हो चुका था कि स्वच्छता का अभाव सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को प्रभावित कर रहा है। राजनेताओं ने शौचालय बनाने के बारे में कभी नहीं सोचा। मोदी सरकार ने शौचालय लाभ महिलाओं तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले लोग कहा करते थे कि महिलाएं कारोबार शुरू नहीं कर सकती। लेकिन सरकार की मुद्रा योजना ने यह इसे संभव कर दिया है।
श्रीमती ईरानी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि महिलाओं में प्रतिभा नहीं है लेकिन उन्हें निर्णय प्रक्रिया में स्थान नहीं मिल रहा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.