अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जा रही थी नाबालिग, गिरफ्तार

जयपुर । सीआईएसएफ ने जयपुर एयरपोर्ट पर  एक नाबालिग को हिरासत में लिया। नाबालिग Sikar के श्रीमाधोपुर की रहने वाली है। नाबालिग अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि लड़की लाहौर में अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी।

इससे पहले लड़की ने झूठी कहानी गढ़ते हुए अपने आपको पाकिस्तानी बताया था और तीन साल से बुआ के पास रहने की बात कही थी लेकिन पुलिस की तस्दीक में सच्चाई सामने आ गई।

जयपुर पूर्व के उपायुक्त ज्ञानचंद यादव ने बताया कि लड़की नाबालिग है। उसने पहले बताया कि वह लाहौर के पास इस्लामाबाद की रहने वाली है। इसके बाद महिला केंद्र से भी महिलाओं को बुलाकर लड़की से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि लड़की Sikar के श्रीमाधोपुर की रहने वाली है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लड़की की इंस्टाग्राम पर लाहौर के एक युवक से दोस्ती हुई थी। एक साल से वह असलम लाहोरी नाम के युवक के सम्पर्क में है। लड़की ने बताया कि मेरी स्कूल की दूसरी लड़कियों से भी उस लड़के की दोस्ती है। असलम लाहोरी ने ही लड़की का ब्रेनवाश किया और उसे एयरपोर्ट पर जाकर उसे क्या बोलना है सिखाया था। लड़की का मोबाइल सीज कर लिया गया है। लड़की के मोबाइल को चैक किया जाएगा। वहीं लड़की के घरवालों को सूचना दे दी गई है। वे लोग भी लड़की के डॉक्युमेंट लेकर जयपुर आने वाले हैं। उन्हें भी पता नहीं है कि उनकी लड़की किसी लड़के से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.