After Header-1

आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम , एक आतंकवादी ढेर

नयी दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एलओसी पर सुरक्षाबलो ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर करते हुए एक आतंकवादी मारा गया। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि सतर्क जवानों ने नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पास आतंकवादियों के समूह की संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया।

उन्होंने बताया कि घुसपैठियों की गतिविधि पर लगातार नजर रखी गई और जब वे सुरक्षा के लिए लगाई गई बाड़ के नजदीक पहुंचे तो उन्हें ललकारा गया और गोलीबारी की गई। प्रवक्ता ने बताया कि एक आतंकवादी को एलओसी के नजदीक गिरता देखा गया जबकि उसके दो साथी घायल हुए और जंगल में भाग गए। लेफ्टिनेंट कर्नल बर्तवाल ने कहा कि अतिरिक्त जवानों को इलाके में भेजा गया है और वहां की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक एके 47 राइफल, 175 गोलियों के साथ तीन एके मैग्जीन, नौ एमएम की एक पिस्तौल, 15 गोलियों के साथ दो मैग्जीन, चार हथगोले, संचार उपकरण और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री और कपड़े मिले हैं। प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशें नाकाम करने के लिए सेना ने दो दिन पहले एलओसी के नजदीक बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.