हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में फैक्टरी में काम करने वाली बिजनौर निवासी युवती ने किराए के मकान की दूसरी मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी।
शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने जिला अस्पताल मोर्चरी भेज दिया। युवती के आत्महत्या करने के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। सिडकुल थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि सिडकुल स्थित फैक्टरी में काम करने वाली युवती ने नवोदय नगर में किराए के मकान की दूसरी मंजिल की छत से कूद कर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच कर युवती को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त प्रियंका (25) पुत्री मनोहर निवासी मंडावर बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। करीब छह महीने पहले ही सिडकुल स्थित फैक्टरी काम करने आयी थी। परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी। जानकारी मिली कि युवती सुबह फैक्टरी में गई थी। दोपहर के समय वह कमरे पर आयी। परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सौंप दिया। युवती के आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है। परिजन भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे।