- स्वास्थ्य विभाग में भी एलाइजा जांच के लिए सैंपलों की रफ्तार बढ़ाई
देहरादून । राजधानी देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रोजाना यहां पर डेंगू के नए मामले मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी दून में तीन और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिसके बाद डेंगू के मरीजों की संख्या बढक़र 19 हो गई है। आज निलाया हाईट्स हरिद्वार बाईपास, नई बस्ती क्लेमेंटटाउन व साईं लोक में डेंगू का एक-एक मरीज मिला है। इनमें दो मरीज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में और एक मरीज कैलाश अस्पताल में भर्ती है। वहीं एलाइजा जांच के लिए आज 116 सैंपल भी लिए गए। अभी तक कुल 1794 सैंपल एलाइजा जांच को भेजे जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डेंगू के आठ मरीज अब तक स्वस्थ्य हो चुके हैं। जबकि तीन मरीज घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। और अन्य कोरोनेशन अस्पताल, कैलाश अस्पताल व श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह डेंगू की बीमारी से बचा जा सकता है। जिन स्थानों पर डेंगू के मरीज मिल रहे हैं वहां पर सघन फागिंग की जा रही है। साथ ही लोगों को बताया जा रहा है कि वह अपने घर व आसपास खाली बर्तनों में पानी जमा न होने दे और साफ-सफाई रखें। क्योंकि डेंगू का मच्छर रुके हुए पानी में ही पनपता है। आशा व आंगनवाड़ी वर्करों की टीमें भी गठित की गई हैं। जो अलग-अलग क्षेत्रों में सर्वे कर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक कर रही हैं। जिन स्थानों पर मच्छर का लार्वा मिल रहा है उसे मौके पर ही नष्ट किया जा रहा है।