After Header-1

जर्मनी, स्पेन दौरों के लिये भारतीय महिला टीम घोषित

बेंगलुरु। हॉकी इंडिया ने जर्मनी और स्पेन के दौरों के लिये 20-सदस्यीय महिला टीम की घोषणा मंगलवार को की। भारतीय टीम पहले जर्मनी में चीन के साथ एक और मेज़बान देश के साथ दो हॉकी टेस्ट खेलेगी। इसके बाद भारतीय महिलाएं स्पैनिश हॉकी फेडरेशन की 100वीं वर्षगांठ पर मेज़बान स्पेन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ चतुष्कोणीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।

यह दोनों आयोजन सितंबर में चीन के हांग्झोउ में होने वाले एशियाई खेलों के लिये भारतीय टीम की तैयारी का हिस्सा होंगे।भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी यहां चल रहे राष्ट्रीय कोचिंग शिविर को पूरा करने के बाद यूरोप के लिये रवाना होंगे। टीम का नेतृत्व गोलकीपर सविता पूनिया करेंगी जबकि दीप ग्रेस एक्का उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगी।
बिच्छू देवी खरिबम टीम में नामित दूसरी गोलकीपर हैं, जबकि दौरे के लिये चुने गये डिफेंडरों में दीप ग्रेस एक्का के अलावा निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, उदिता और सुशीला चानू पुखरंबम का नाम शामिल है।
निशा, मोनिका, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, बलजीत कौर, वैष्णवी विठ्ठल फाल्के और ज्योति छत्री मिडफील्ड का मोर्चा संभालेंगी। भारत की फॉरवर्ड पंक्ति का नेतृत्व अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया करेंगी। उनके साथ लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी और दीपिका भी शामिल होंगी।
मुख्य कोच जैनेक शोपमैन ने टीम चयन पर कहा, “स्पेन और जर्मनी का दौरा हमारी टीम के लिये अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर से अपनी क्षमता और कौशल दिखाने और एशियाई खेलों के लिये अपनी तैयारी जारी रखने का एक शानदार अवसर होगा।उन्होंने कहा, “मैं उत्साहित हूं क्योंकि खिलाड़ी इस शिविर में उच्च स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं और वे अपने खेल को बेहतर बनाने के लिये अथक प्रयास कर रहे हैं। दोनों दौरे हमारे लिये मजबूत विरोधियों के खिलाफ खुद को परखने का एक आदर्श मंच होंगे। हमारा लक्ष्य अपना खेल खेलना और इस शिविर और पिछले दौरे से मिली सीख पर अमल करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.