After Header-1

कच्छ के तट से टकराएगा आज चक्रवाती तूफान बिपरजॉय

अहमदाबाद। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज दोपहर बाद गुजरात में कच्छ के तट से टकराएगा। इस बीच मौसम विभाग ने कच्छ और सौराष्ट्र के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

गुजरात के कच्छ जिले में बृहस्पतिवार को जखौ बंदरगाह के पास चक्रवात ‘बिपारजॉय’ की संभावित दस्तक से पहले राज्य प्रशासन ने तट के पास रहने वाले 74,000 से अधिक लोगों को एहतियात के तौर पर स्थानांतरित कर दिया है और बचाव एवं राहत उपायों के लिए आपदा प्रबंधन इकाइयों को तैनात किया है।

मौसम विभाग ने कहा कि अरब सागर में सक्रिय चक्रवात के गुजरात तट की ओर बढ़ने के साथ, सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। मई 2021 में ‘ताउते’ चक्रवात के बाद दो साल के भीतर राज्य में आने वाला यह दूसरा चक्रवात होगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात ‘बिपारजॉय’ बृहस्पतिवार शाम को ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ के रूप में जखौ बंदरगाह के पास पहुंचेगा और इस दौरान 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आठ तटीय जिलों में कुल 74,345 लोगों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, अकेले कच्छ जिले में लगभग 34,300 लोगों को, जबकि जामनगर में 10,000, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,089, देवभूमि द्वारका में 5,035, जूनागढ़ में 4,604, पोरबंदर जिले में 3,469 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.