हीटवेव से फिलहाल उत्तर भारत में राहत नहीं

नयी दिल्ली। हीटवेव की वजह से उत्तर भारत में खासकर गर्मी अपने चरम पर है। गर्मी की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक के अभी भी आने वाले 5 दिनों में हीट वेव चलते रहेंगे।

इसका मतलब साफ है कि हीटवेव से फिलहाल राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। इतना ही नहीं, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में तापमान आने वाले दिनों में 40 से 45 डिग्री के बीच रहने वाला है।

IMD वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने कहा कि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में आने वाले दिनों में तापमान 40-45 के पास पहुंच सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस समय बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हीट वेव जारी है।

आने वाले 5 दिनों में इन हिस्सों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिन में तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया है।

निजी पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार आगामी कुछ दिनों में दिल्लीवासी गर्मी से कुछ राहत की उम्मीद कर सकते हैं क्योंकि अरब सागर में तेजी से बढ़ रहे चक्रवात बिपारजॉय के प्रभाव के कारण बृहस्पतिवार और शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश का अनुमान है।

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.