After Header-1

किसान नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया

चंडीगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में बुलायी गयी ‘महिला महापंचायत’ में शामिल होने के लिए समर्थकों के साथ राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ रहे हरियाणा के कई किसान नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

किसान संगठन ‘भारतीय किसान यूनियन’ (भाकियू) (चढूनी) ने यह दावा किया।
महिला महापंचायत के मद्देनजर, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों की भारी तैनाती के साथ अवरोधक लगा दिए गए है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सुबह अंबाला शहर के पास हरियाणा-पंजाब सीमा पर सैकड़ों किसानों को रोक लिया।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में बीकेयू के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया। संगठन ने दावा किया कि कुछ अन्य किसान नेताओं को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में पुलिस ने हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई पहलवान पिछले एक महीने से भी ज्यादा समय से बृज भूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। पहलवानों का आरोप है कि सिंह ने कई महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.