After Header-1

राजस्थान में भारी बारिश से 12 लोगों की मौत

जयपुर। राजस्थान के टोंक जिले में भारी बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 12 व्यक्तियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिले के कई इलाकों में बृहस्पतिवार रात तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई, जिससे लोगों की जान चली गई और घरों को नुकसान पहुंचा।

टोंक की जिलाधिकारी चिन्मयी गोपाल ने कहा कि घायलों को जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गोपाल ने कहा कि रात से ही सक्रिय कर्मचारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने का प्रयास कर रहे हैं।
गोपाल ने कहा कि रिपोर्ट तैयार होने के बाद सरकारी नियमों के अनुसार पात्र व्यक्तियों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर पानी और बिजली की आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिली है, जिसे बहाल करने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है।

पिछले 24 घंटे के दौरान (आज सुबह 8.30 बजे तक) जयपुर तहसील में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि टोंक के मालपुरा, सीकर के लक्ष्मणगढ़, झुंझुनू के पिलानी, सवाई माधोपुर के बौंली, करौली के हिंडौन, जयपुर के सांभर, चाकसू, तथा चोमू और अजमेर के सरवर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य के कई अन्य स्थानों पर एक से चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.